आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ रिलीज़ से पहले ही चर्चा में थी, लेकिन सिनेमाघरों में आते ही इसकी लोकप्रियता और बढ़ गई। दर्शकों ने फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसके पात्रों को भी खूब सराहा। इन किरदारों में सबसे अधिक चर्चा में रहा रहमान डकैत का रोल, जिसे अभिनेता अक्षय खन्ना ने बेहद दमदार अंदाज़ में निभाया है। सोशल मीडिया पर यह किरदार लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
5 दिसंबर को रिलीज़ हुई ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर. माधवन, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार नजर आए। फिल्म देखने के बाद दर्शकों ने इसके लिए बेहतरीन प्रतिक्रिया दी। लेकिन जिन पात्रों ने सबसे ज्यादा प्रभाव छोड़ा, उनमें प्रमुख नाम है सरदार अब्दुल रहमान बलूच उर्फ रहमान डकैत—कराची का वह कुख्यात अपराधी, जिसके नाम से कभी पूरा शहर कांपता था।
13 साल की उम्र में पहली हत्या
असल रहमान डकैत का जन्म वर्ष 1979 में मोहम्मद दादल के घर सरदार अब्दुल रहमान बलूच के रूप में हुआ था। उम्र बढ़ने के साथ-साथ उसकी क्रूरता और अपराधों ने उसके वास्तविक नाम को पीछे छोड़ दिया और वह ‘रहमान डकैत’ के रूप में बदनाम हो गया। बताया जाता है कि उसने पहली हत्या सिर्फ 13 साल की उम्र में कर दी थी।
15 साल की उम्र में मां की हत्या का आरोप
कुछ मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रहमान ने 15 साल की उम्र में अपनी मां की हत्या कर दी थी। कहा जाता है कि उसके पिता की मौत के बाद उसे शक था कि उसकी मां का ताल्लुक उस गैंग से है, जिसने उसके पिता की हत्या की थी। इस शक के आधार पर उसने अपनी मां की जान ले ली। हालांकि, इस घटना की पुष्टि कई जगहों पर अलग-अलग ढंग से की गई है।
हत्या के बाद सिर से खेलता था फुटबॉल
90 के दशक में रहमान ने रहमान हाजी लालू की गैंग ज्वाइन कर ली। हाजी लालू की मौत के बाद उसने पूरी गैंग का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। कराची के ल्यारी इलाके में रहमान डकैत की मर्जी के बिना कोई भी फैसला नहीं होता था।
उसकी क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह हत्या के बाद पीड़ित के सिर से फुटबॉल खेलता था। अपने ही चचेरे भाई को मरवाना भी उसके खौफनाक कारनामों में शामिल है।
राजनीति में भी हाथ आजमाया
अपनी बढ़ती ताकत और इलाके में पकड़ के कारण रहमान ने राजनीति में भी कदम रखने की कोशिश की, लेकिन उसका अपराध जगत ही उसकी पहचान बना रहा।
2009 में पुलिस मुठभेड़ में अंत
आखिरकार वर्ष 2009 में पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान रहमान डकैत मारा गया। उसकी मौत के साथ कराची के एक खौफनाक दौर का अंत हुआ।
फिल्म ‘धुरंधर’ में अक्षय खन्ना द्वारा निभाया गया यह किरदार दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ रहा है, और अब लोग इसके अगले पार्ट के लिए बेहद उत्साहित हैं। अन्य कलाकारों के अभिनय की भी खूब सराहना की जा रही है।



